संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जन समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता होगी। कर्मचारियों को निष्ठा और ईमानदारी से काम करने का निर्देश दिया गया है। विकास कार्यों को समय से पूरा कराया जाएगा। ये बातें नए उपायुक्त इमरान रजा ने बुधवार को कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
भारतीय प्रशासनिक सेवा 2015 बैच के अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने बुधवार को जींद के डीसी के रूप में पदभार संभाल लिया। इससे पहले वह रेवाडी में डीसी और निगम मानेसर में आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। वे हरियाणा के कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिले का पदभार संभालते ही डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि आम जनमानस की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होगी। अधिकारियों-कर्मचारियों को भी निर्देश दिया है कि वे लोगों की समस्याओं की सुनवाई और उनके निपटारे में लापरवाही न बरतें। डीसी ने अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात करते हुए जींद जिले को लेकर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि वे पूर्ण ईमानदारी व कर्मठता के साथ करें। किसी भी व्यक्ति को बेवजह कार्यालय के चक्कर काटने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। जनसेवा उनकी ड्यूटी है, जिसमेंं किसी भी तरह की लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की जन सेवा की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए सभी अधिकारी अपने विभागीय योजनाओं का लाभ आमजन मानस तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका अदा करें। उन्होंने जिला में चल रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए पूरा करवाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।
कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं का पूर्ण लाभ लोगों को दिलाया जाएगा। योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी उचित प्रकार से करवाएंगे, ताकि लोगों को लाभ मिल सके। इस मौके पर एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ, जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण सिंह, नरवाना एसडीएम अनिल दून, एमडी शुगर मिल प्रवीन कुमार, उचाना के एसडीएम गुलजार मलिक, एसीयूटी अंकित चौकसे, जिला न्यायवादी अनीता नूनीवाल, जिला राजस्व अधिकारी राजेश ख्यालिया, डीएफएससी निशांत राठी, डीडीपीआर अमित पंवार, सीएमजीजीए माधुर्या तरफदार, जिला शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी व अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।