फोटो 5 नरवाना। पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। स्रोत पुलिस।
नरवाना। सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने ठंडी सड़क से युवक को 10.26 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के घग्घा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ लाडी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि सीआईए टीम उप निरीक्षक शमशेर सिंह के नेतृत्व में ठंडी सड़क नरवाना पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को टीवीएस मोटरसाइकिल पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक ने अचानक मोटरसाइकिल पीछे मोड़ने का प्रयास किया लेकिन मोटरसाइकिल बंद हो गई।
पुलिस टीम ने युवक की गतिविधियों पर संदेह होने पर मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीट के नीचे से 10.26 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ लाडी पुत्र परमजीत सिंह, वार्ड नंबर 9, घग्घा, जिला पटियाला का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ थाना शहर नरवाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई थाना शहर नरवाना पुलिस द्वारा नियमानुसार की जा रही है।