लड़की की मौत पर जाम खोलने के बाद खड़े मजदूर।
- फोटो : amarujala beuro
कस्बे के नए बस स्टैंड के सामने निजी अस्पताल में दाखिल लड़की की उपचार के दौरान हालत गंभीर हो गई। बाद में पीजीआई ले जाते समय लड़की ने दम तोड़ दिया। लड़की की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फुट पड़ा और निजी अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर जींद-रोहतक मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन जाम खोलने को तैयार हो गए।
पुलिस के अनुसार, प्रवासी मजदूर जुलाना के भारत भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। भट्ठे के जमादार रफीक ने बताया कि एक प्रवासी मजदूर की 16 वर्षीय लड़की कुलचूम को अपेंडिक्स की शिकायत थी। कुछ दिनों से कुलचूम की इलाज पीजीआई रोहतक से चल रहा था। लेकिन एक निजी अस्पताल के कर्मी ने प्रवासी मजदूर को बताया कि उसकी लड़की का इलाज कम रुपये में उनके अस्पताल में करा दिया जाएगा। जब कुलचूम को ज्यादा पीड़ा हुई तो वीरवार दोपहर बाद उसे नूर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने लड़की को दाखिल कर ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के कुछ समय बाद ब्लीडिंग शुरू हो गई। जब यहां के चिकित्सकों से ब्लीडिंग नहीं रुकी तो उसे एंबुलेंस में पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन ब्लीडिंग ज्यादा होने से लड़की कुलचूम की रास्ते में ही मौत हो गई। लड़की की मौत से गुस्साए प्रवासी मजदूरों ने शुक्रवार सुबह जींद रोहतक नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया और आरोपी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया।
बिना कागजों के ही कर दिया पीजीआई रेफर
मृतका के परिजनों ने बताया कि जब उनकी लड़की की ज्यादा हालत खराब होने लगी और ब्लीडिंग नहीं रुक रही थी तब नूर अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी लड़की को बिना कागजों के ही पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। वे लाखनमाजरा (रोहतक) से आगे पहुंचे तो उन्हें पता लगा कि उनको रेफर किए जाने का कोई कागज नहीं दिया है। इसकी सूचना भट्ठा मालिक को दी गई। जब वे रेफर का कागज लेने अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल के चिकित्सकों ने रेफर का कागज उन्हीं को देने की बात कहकर पल्ला झाड़ दिया।
लड़की का ऑपरेशन नूर अस्पताल में उनकी हाजिरी में किया गया है। ऑपरेशन सफल रहा, लेकिन कुछ समय बाद ब्लड प्रेशर की शिकायत हो गई। इसे कंट्रोल नहीं किया जा सका। लड़की कुलचूम को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया तो रास्ते में ही लड़की की मौत हो गई।
- डॉ. बलराम कादयान, चिकित्सक नूर अस्पताल जुलान
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक प्रवासी मजदूर लड़की की उपचार के दौरान मौत हो गई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे मे लेेकर पोस्टमार्टम करवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चंद्रभान थाना प्रभारी जुलाना