नरवाना। गांव डूमरखां की बेटी प्रवेश कुमारी ने अपने अथक परिश्रम और प्रतिभा से पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी प्रवेश को बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) में खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरी मिली है। शुक्रवार को घोषित परिणाम में प्रवेश ने पूरे भारत से चयनित 12 महिला खिलाड़ियों में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रवेश कुमारी के पिता स्वर्गीय राजपाल और माता भतेरी की पांच बेटियों में से एक प्रवेश ने यह सिद्ध कर दिखाया कि लगन और मेहनत से कोई भी ऊंचाई पाई जा सकती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने भी अपने पैतृक गांव की बेटी को सरकारी नौकरी मिलने पर बधाई संदेश भेजा और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रवेश की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी की लहर है और लोग एक स्वर में उसकी मेहनत और समर्पण की सराहना कर रहे है।