जींद। त्योहारी मौसम में बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में अपराधियों के किसी भी गतिविधि को अंजाम देने का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में पुलिस ने बाजारों पर खास फोकस करते हुए खास योजना बनाई है। इसके तहत बाजारों में दिवाली तक नाकों के साथ-साथ अब पुलिस की पैदल गश्त भी बढ़ा दी है। बाजार में पुलिसकर्मी पैदल गश्त करेंगे। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
गौरतलब है कि त्योहार के मौके पर बाजार में काफी अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन पहले ही यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हो। इसके लिए मुख्य रूप से शहर थाना से तांगा चौक, तांग चौक से शिव चौक व शहर थाना से घंटाघर चौक तक पुलिस खास नजर रख रही है। इसके अलावा बाजार में प्रवेश करने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग भी की गई है।
वाहनों को रोकना पुलिस के लिए चुनौती
बाजार में पहले ही भीड़ है, लेकिन इसके बावजूद वाहनों को बाजार तक जाने से रोकना पुलिस के लिए काफी बड़ी चुनौती है। हालांकि इसके लिए रानी तालाब पर व शहर थाना के पास पुरानी कचहरी चौक पर नाका लगाया गया है। इसके बावजूद काफी संख्या में दुपहिया वाहन बाजार में जा रहे हैं। इससे व्यवस्था गड़बड़ा रही है।
पार्किंग की व्यवस्था अधूरी
हालांकि प्रशासन द्वारा गुरुद्वारा के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है, लेकिन यहां पूरी व्यवस्था नहीं हो पाई हैं। ऐसे में काफी लोग यहां वाहनों को खड़ा करने से बचते हैं। विशेषकर धूल के चलते दुपहिया वाहन चालक अपने वाहनों को बाजार तक ही ले जाते हैं।
रेहड़ी वालों पर भी लगे रोक
दिवाली के मौके पर अधिकतर दुकानदार बाहर सामान रखते हैं। यह एक मौका भी होता है। ऐसे में जींद के बाजार पहले ही तंग और रेहड़ी पर फल व सब्जियां रख कर बेचने वाले भी आ जाते हैं। दिवाली तक प्रशासन को यहां रेहड़ियों के आने पर रोक लगानी चाहिए।
पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद
एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने बताया कि त्योहारी मौसम को देखते हुए पुलिस ने तैयारी कर ली हैं। बाजार में पुलिस व होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। जरूरत के अनुसार और भी व्यवस्थाएं की जाएंगी। लोगों से भी अपील है कि व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।