गांव ढाकल के निकट बुधवार रात को पिस्तौल के बल पर 1500 रुपये की नकदी लूटने की सूचना ने नरवाना पुलिस को पूरी रात दौड़ाया। लूट की सूचना पेट्रोल पंप के पास बने टेलीफोन बूथ से दी, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो लूट की सूचना देने वाला व्यक्ति ही लापता था।
लूट की सूचना पाकर एएसपी वसीम अकरम भी मौके पर पहुंचे और सूचना देने वाले व्यक्ति को लगभग दो घंटे तक तलाश किया गया, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। पुलिस ने फिर भी आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सूचना देने वाले व नकदी लूटने वाले का सुराग नहीं लगा।
बुधवार देर रात पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि अज्ञात लोगों ने पिस्तौल के बल पर उससे 1500 रुपये की नकदी लूट ली। लूट की सूचना मिलते ही एएसपी वसीम अकरम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने सूचना देने वाले नंबर का पता किया तो वह एक पेट्रोल पंप के पास बने टेलीफोन बूथ का था।
जब पुलिस ने बूथ पर पहुंचकर सूचना देने वाले व्यक्ति का पता किया तो वहां से लापता था। इसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू की।
पुलिस ने लगभग दो घंटे तक ढाकल गांव के आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन पुलिस को इस दौरान न तो लूट की सूचना देने वाले का सुराग लगा और न ही लूटने वालों का।
एएसपी वसीम अकरम ने बताया कि देर रात कंट्रोल रूम से पिस्तौल के बल पर 1500 रुपये की लूट की सूचना मिली थी। सूचना किसी पेट्रोल पंप के पास बने टेलीफोन बूथ से दी गई थी, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सूचना देने वाला ही व्यक्ति लापता था।