जिला जेल में बाइक चोरी के मामले में जेल में बंद आरोपी को उसकी ही मां ने जूते के सोल में चरस छुपाकर देने का मामला सामने आया।
महिला अपने बेटे से मुलाकात करने के लिए आई थी और सर्दी का मौसम को देखते हुए उसे जूते दिए, लेकिन इसमें महिला ने अपने बेटे के लिए चरस छुपा दी। पुलिस ने जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर बंदी और उसकी मां के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गांव निडाना निवासी प्रवेश उर्फ बिंडा पर बाइक चोरी करने के आरोप में जेल में बंद है। आरोपी प्रवेश पर लगभग एक दर्जन चोरी की वारदात के मामले अदालत में विचाराधीन है। गत दिवस आरोपी प्रवेश की मां राजबाला उससे मुलाकात के लिए जेल में पहुंची।
राजबाला ने इस दौरान उसके बेटे प्रवेश को जूते और अन्य सामान दे दिया और वहां से चली गई। सामान लेकर जेल के अंदर अपने वार्ड में जाने से पहले वार्डनों ने उसके सामान की जांच की तो उसकी मां द्वारा दिए गए जूतों में 12 ग्राम चरस मिली।
जेल प्रशासन ने तुरंत ही प्रवेश से मिलने वाले लोगों के रिकार्ड की जांच की तो उससे मिलने वाली महिला आरोपी प्रवेश की मां राजबाला थी। वार्डनों ने तुरंत ही जेल परिसर में महिला राजबाला की तलाश की, लेकिन तब तक वहां से जा चुकी थी।
बाद में इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जेल उपाधीक्षक सेवा सिंह की शिकायत पर गांव निडाना निवासी राजबाला और जेल में बंद उसके बेटे प्रवेश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जूतों के सोल को उखाड़कर छिपाई चरस
जेल उपाधीक्षक सेवा सिंह ने बताया कि बंदी प्रवेश के पास नए जूतों के सोल को उखाड़कर उसमें चरस रखी गई थी। सोल के अंदर चरस रखने के बाद फिर से उसकी सिलाई कराई थी। जब जेल वार्डनों ने नए जूतों पर सिलाई होने पर शक हुआ और सिलाई को खोलकर देखा तो उसमें चरस निकली।