जींद। एक सप्ताह में जिले में दो जगह मिले कन्याओं के भ्रूण मामले में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। पुलिस ने किसी भी मामले में आरोपियों तक पहुंच नहीं पाई है। हालांकि पुलिस ने शहर तथा गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, लेकिन अभी आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है।
गौरतलब है कि पांच दिन पहले हांसी रोड स्थित रेलवे लाइन किनारे नौ माह की कन्या का शव मिला था। सूचना मिलने पर जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया था। पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया था। अंदेशा था कि किसी महिला ने अपने कुकृत्य को छिपाने के लिए कन्या को यहां फेंका गया था।
जीआरपी ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जीआरपी ने हांसी रोड के आसपास निजी अस्पतालों की चेकिंग की लेकिन वहां भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला।
इसके अलावा शनिवार को डूमरखा खुर्द गांव में खाली प्लाट में एक नवजात कन्या का भ्रूण मिला था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी थी। सूचना पाकर पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम पहुंची और उन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी।
जीआरपी मामले की जांच अधिकारी एएसआई कविता ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।