रजाना कलां गांव में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनवाई गई 57 पेंशन के मामले में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने भिवानी के समाज कल्याण अधिकारी की शिकायत पर रजाना कलां गांव के 57 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसमें पुलिस ने सोमवार को अपनी कार्रवाई शुरू करते हुए समाज कल्याण विभाग से इन सभी 57 लोगों द्वारा जमा करवाए गए मूल दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस अब इस मूल रिकॉर्ड के आधार पर रजाना कलां में बनवाई गई फर्जी पेंशन के मामले की जांच शुरू करेगी। पुलिस विभाग रिकॉर्ड की जांच कर फर्जी पेंशन के मामले में किन लोगों का हाथ है, कहां पर यह फर्जी दस्तावेज तैयार हुए हैं का पता लगाएगी। समाज कल्याण विभाग समेत अन्य किन लोगों ने यह पेंशन किस आधार पर बनवाई। इसके अलावा फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किन लोगों ने साथ दिया और बिना जांच के समाज कल्याण विभाग ने इन लोगों की पेंशन को किस आधार पर बनवाया। इन सभी मामलों से पर्दा अब पुलिस जांच के बाद ही उठेगा। हालांकि समाज कल्याण अधिकारी इस मामले में फर्जी लोगों पर कार्रवाई करवाने के लिए पुलिस का सहयोग कर रही है।
रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर दोषियों की होगी गिरफ्तारी
समाज कल्याण विभाग में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनवाई गई पेंशन के मामले में विभाग से रिकॉर्ड प्राप्त कर लिया है। इस मामले में संलिप्त सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। छतरपाल, पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी