17जेएनडी35: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रधानमंत्री पात्र लोगों को मकान की चाबी सौंपते हुए।
जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले के पांच लाभार्थियों को उनके नए मकानों की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी सहायता से उनके अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 1.38 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इसी सहायता से लाभार्थियों ने अपने मकान तैयार किए हैं। प्रधानमंत्री के हाथों चाबी प्राप्त करने वालों में पिंडारा गांव की मनीषा और शीला देवी, अशरफगढ़ गांव के रविंद्र, अमरहेड़ी गांव की रेखा और संतोष शामिल हैं। इनमें चार महिलाएं और एक पुरुष लाभार्थी हैं।
चाबी मिलने के बाद लाभार्थियों ने कहा कि वर्षों से अपने घर का जो सपना देखा था, वह अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि अब उनके परिवार को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी आवास मिला है जिससे जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन के लिए पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक पात्र परिवार तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर अपने नए घर की खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।