शहर को जाम से राहत देने के लिए बहुप्रतीक्षित नए बस स्टैंड की सौगात शहर को जल्द मिल सकती है। 12 एकड़ में करीब 20 करोड़ रुपये से बनने वाले नए बस स्टैंड का नक्शा अब स्वीकृति के लिए चीफ आर्किटेक्ट को भेजा गया है। यहां से स्वीकृति मिलते ही इस पर काम शुरू होने की संभावना है। बस स्टैंड नए बाईपास पर गांव पिंडारा के पास बनाया जाएगा।
करीब चार साल पहले सरकार ने जींद शहर का 2031 मास्टर प्लान तैयार किया था। इसके तहत पिंडारा गांव के पास 40 एकड़ जमीन बस स्टैंड के लिए तय की गई, लेकिन परिवहन विभाग के अधिकारियों की जरूरत के हिसाब से अब 12 एकड़ में नया बस स्टैंड बनाने की योजना को अंतिम रूप दिया गया है। इसके लिए अधिग्रहीत जमीन की पेमेंट भी सरकार द्वारा की जा चुकी है। अब जल्द ही बस स्टैंड पर काम शुरू होने की उम्मीद है।
चीफ आर्किटेक्ट को भेजी गई ड्राइंग
बस स्टैंड का निर्माण पीडब्ल्यूडी की ओर से कराया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने ड्राइंग तैयार कर चीफ आर्किटेक्ट को भेज दी है। अब यहां से ड्राइंग को स्वीकृति की औपचारिकता भर बाकी है। इसके बाद नए बस स्टैंड के निर्माण का रास्ता साफ है। पीडब्ल्यूडी के सूत्रों ने बताया कि नया बस स्टैंड नगर परिषद की परिधि में आता है। इसलिए इसके निर्माण के लिए स्थानीय निकाय विभाग से कुछ औपचारिकताएं होती हैं। इसी कारण ड्राइंग की फाइल चीफ आर्किटेक्ट के पास रुकी हुई है। मंगलवार को इसको अनुमति मिल सकती है।
शहर को मिलेगी जाम से मुक्ति
दरअसल फिलहाल शहर का बस स्टैंड काफी अंदर आ चुका है। इसके चलते रोडवेज की बस तथा अन्य वाहनों को पूरा शहर चीरते हुए पहुंचना पड़ता है। विशेषकर अंदर से आने वाली हांसी, नरवाना व कैथल की बसों को काफी समय लगता है। वहीं बस स्टैंड के पास व्यस्त सड़क होने के कारण यहां दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। नया बस स्टैंड बनने से जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।
बाईपास के काम में भी तेजी
नए बस स्टैंड का काम शुरू होते ही नए बाईपास के काम में भी तेजी आने की उम्मीद है। दरअसल बस स्टैंड बाईपास पर ही बनाया जाएगा। बाईपास नहीं बनने की सूरत में बस स्टैंड का महत्व नहीं रहेगा, इसलिए साथ ही बाईपास के निर्माण का रास्ता साफ हो सकता है।
झज्जर बस स्टैंड की तर्ज पर होगा निर्माण
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, नए बस स्टैंड का निर्माण झज्जर के बस स्टैंड की तर्ज पर किया जाएगा। इसकी योजना के तहत प्रथम तल पर कामर्शियल स्पेस रखा जाएगा तथा प्रथम तल पर सभी ऑफिस बनेंगे। वहीं बस स्टैंड के साथ ही कार्यशाला बनाने की भी योजना ड्राइंग में है।
नए बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया काफी तेजी चल रही है। परिवहन विभाग की ओर से नए बस स्टैंड की साइट को अंतिम रूप दिया जा चुका है। अब निर्माण का कार्य पीडब्ल्यूडी (बीएडंआर) को करवाना है। सारी प्रक्रिया वहीं से चल रही है।
-आरएस पूनिया, महाप्रबंधक, जींद डिपो।
नए बस स्टैंड की ड्राइंग चीफ आर्किटेक्ट के पास गई है। वहां से स्वीकृति का इंतजार है। इसके बाद यहां काम शुरू कर दिया जाएगा। पिंडारा गांव के पास शानदार बस स्टैंड बनाने की तैयारी है। इसके लिए टेंडर निकाले जाएंगे।
-जगमाल सिंह, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर