27जेएनडी30: शहर के वार्ड 23 में विजय नगर में मुख्य गली पर खाली प्लाट में लगा गोबर का ढेर। संवाद
जींद। शहर के वार्ड 23 में विजय नगर कॉलोनी में खाली पड़े प्लॉटों में आसपास के पशुपालक गोबर समेत अन्य गंदगी डाल रहे हैं। इसके कारण यहां पर रहने वाले लोगों को दिनभर बदबू के साये में जीना पड़ रहा है। इसकी शिकायत पिछले सप्ताह डीसी को दी थी लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विजयनगर निवासी मीना, विकास, पवन, दीपिका व देवा सिंह ने बताया कि इस कॉलोनी में अधिकतर लोग पशु रखते हैं। इनको चाहिए की गोबर का निस्तारण ठीक स्थान पर रिहायशी क्षेत्र से दूर किया जाए, लेकिन यह पशु पालक मनमानी करते हुए वार्ड के खाली प्लाटों में गोबर के ढेर लगा रहे हैं।
इसके कारण यहां पर दिनभर बदबू फैलती है तो वहीं अब मच्छरों का प्रकोप भी ज्यादा है। इसके कारण बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। इस समस्या को लेकर नगर परिषद को भी शिकायत दी थी लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
अब डीसी को बीते सप्ताह इसकी शिकायत देकर खाली प्लाटों से गोबर उठवाने की मांग की है। डीसी से शिकायत देने के बाद नगर परिषद के कर्मचारी दूसरे दिन वार्ड में आए और खाली प्लाटों में पड़े गोबर का निरीक्षण करके वापस चले गए।
अब एक सप्ताह बीतने को है लेकिन किसी भी प्लॉट से गोबर नहीं उठवाया गया। बरसात के मौसम में तो उनके लिए मकानें में रहना भी मुश्किल हो जाता है। परेशान लोगों ने डीसी से गुहार लगाई है कि इस जमीन से गंदगी साफ करवाई जाए और दोबारा यहां गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाए।
वर्जन
नगर परिषद की तरफ से खाली प्लाटों में गोबर व कूड़ा डालने वालों को नोटिस भिजवाए जाएंगे ताकि इसका निस्तारण करवाया जा सके। खाली प्लाटों में कूड़ा व गोबर डालने की कई शिकायतें नगर परिषद के पास आ चुकी हैं। अब इन पर संज्ञान लिया जाएगा।-डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद जींद