नरवाना। धान का सीजन अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मंडियों में आवक में गिरावट दर्ज की जा रही है जबकि उठान ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को नरवाना की नई अनाज मेला मंडी में मात्र 7,905 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई।
वहीं, सब यार्डों में धमतान साहिब ने सबसे आगे रहते हुए 9,640 क्विंटल धान की आवक दर्ज की। इसके अलावा गढ़ी सब यार्ड में 3,564 क्विंटल, धनौरी में 2,125 क्विंटल, खरल में 160 क्विंटल और मंगलपुर में 80 क्विंटल धान की आमद रही।
खरीद की बात करें तो सोमवार को डीएफएससी एजेंसी ने नरवाना मंडी से 12,514 क्विंटल धान की खरीद की। धमतान साहिब में 13,828 क्विंटल, गढ़ी में वेयरहाउस द्वारा 7,415 क्विंटल, धनौरी में 2,500 क्विंटल, खरल में 335 क्विंटल और मंगलपुर में 510 क्विंटल धान की खरीद की गई।
धान के उठान की प्रक्रिया भी अब तेजी पकड़ चुकी है। सोमवार को नरवाना मंडी से डीएफएससी द्वारा 10,250 क्विंटल और वेयरहाउस द्वारा 9,500 क्विंटल धान का उठान किया गया। मंडियों से अब तक 88 प्रतिशत धान का उठान पूरा हो चुका है जबकि सब यार्डों समेत कुल मिलाकर 86 प्रतिशत धान मंडियों से निकल चुका है।
फिलहाल 35,438 क्विंटल धान ऐसा है जो मंडियों में बिना बिके पड़ा हुआ है। इस बीच अब बासमती और 1121 किस्म की धान की कटाई शुरू हो चुकी है। किसानों के खेतों से इन प्रीमियम किस्मों की आवक मंडियों में दिखाई देने लगी है। इससे मंडियों में एक नई हलचल लौट आई है और आने वाले दिनों में बासमती की आमद बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।