16जेएनडी13: भिवानी रोड पर गलियां ओवरफ्लो होने के बाद सड़क पर आया गंदा पानी। संवाद
जींद। भिवानी रोड स्थित अजमेर बस्ती में नाले की एक तरफ से बंद की गई निकासी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। लगातार पानी जमा होने से कॉलोनी की गलियों में गंदा पानी भर गया, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शनिवार सुबह कॉलोनीवासियों ने सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर भी पानी भर जाने से वाहनों के फिसलने और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थायी समाधान की मांग को लेकर लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।
कॉलोनीवासी संतोष शर्मा ने कहा कि नाले की दूसरी तरफ निकासी बंद होने से गंदा पानी लगातार गलियों में भर रहा है। कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। करीब दो घंटे तक लगे जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्या सुनी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर 10 दिन के भीतर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोल दिया। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।
16जेएनडी13: भिवानी रोड पर गलियां ओवरफ्लो होने के बाद सड़क पर आया गंदा पानी। संवाद