16जेएनडी11: कार्यकर्ताओं से मिलते हुए सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला। स्रोत : कार्यकर्ता
नरवाना। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। शनिवार को नरवाना स्थित सुरजेवाला भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही भाजपा सरकार ने महंगाई की दूसरी किस्त जारी कर दी है।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नायब सिंह सैनी की सरकार जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है। पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ेगा। हरियाणा के कुछ जिलों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक पहुंच चुकी है। वर्ष 2014 से 2025 के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर भारी एक्साइज ड्यूटी लगाकर जनता से लाखों करोड़ रुपये वसूले हैं।
कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि सरकार तेल कंपनियों और बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता की जेब पर डाका डाल रही है। 2014 में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत करीब 412 रुपये थी, जो अब एक हजार रुपये तक पहुंच गई है।