उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में वीरवार को लोगों का गुस्सा फूट गया। जगह-जगह पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं शाम के समय कई संगठनों ने कैंडल मार्च निकाल कर युवती के दोषियों को मौत की सजा देने की मांग की।
मामले को लेकर बेलरखा गांव के सैकड़ों लोगों ने दिल्ली-पटियाला हाईवे पर पेड़ डालकर जाम लगा दिया। इसके कारण लगभग आधे घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। जाम की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी मनोज वर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान जाम लगा रहे लोगों ने एक महिंद्रा गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। लोगों ने सदर एसएचओ मनोज वर्मा को ज्ञापन साैंपा। इसके बाद जाम खोल दिया। जाम खुलने के बाद पुलिस प्रशासन ने वाहनों को निकालकर आवागमन को सुचारु किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी नगर मंत्री सुनील उझाना ने कहा कि हाथरस की बेटी के साथ हुई इस घटना से समाज बहुत आहत है।
दिनभर विरोध प्रदर्शन तो शाम को निकाले कैंडल मार्च
हाथरस मामले को लेकर जिला दिनभर उबलता रहा। दोषियों को फांसी देने की मांग को लेकर सभी सामाजिक सगठन एकजुट नजर आए। वीरवार को दिनभर सामाजिक संगठनों ने डीसी, एसडीम समेत अन्य कई अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे।
एबीवीपी ने फांसी की सजा देने की मांग की
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए सीटीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थी परिषद जिला संयोजक वीरेंद्र कुश ने कहा कि इस घटना ने एक बार पुन: समाज को शर्मसार किया है। विश्वविद्यालय अध्यक्ष अमित खेरी एवं सचिव पवन रेढू ने कहा कि सरकार ऐसे मामलों में कठोर सजा प्रावधान नहीं करती तब तक घटनाओं पर अंकुश नहीं लगेगा।
हाथरस पीड़िता के परिवार को न्याय दिलवाने के लिए त्वरित न्यायालय गठित करने की मांग
हाथरस मामले को लेकर बसपा ने प्रदर्शन करते हुए नगराधीश होशियार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें राष्ट्रपति से मांग की गई कि पीड़िता के परिवार को न्याय दिलवाने के लिए त्वरित न्यायालय का गठन किया जाए। देशराज सरोहा ने पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी देने और जबरन संस्कार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी देने की मांग
दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी देने व मुख्यमंत्री योगी से इस्तीफा देने की मांग को लेकर सीटू, एसकेएस, अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन व नगरपालिका संघ हरियाणा ने जुलाना में रोष प्रदर्शन किया। पुराने बस स्टैंड पर पुतला फूंका। सुभाष पांचाल ने कहा कि योगी सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है। प्रदर्शन में कमरेड सूरजभान, दीनदयाल, एसकेएस के प्रधान राजेंद्र करसोला, नगरपालिका सफाई कर्मचारी के प्रधान जूनियर व भवन कामगार यूनियन कमेटी के प्रधान कश्मीर मौजूद रहे।
जुलाना के मेन बाजार में प्रदर्शन करते कस्बे के लोग।- फोटो : Jind
रानी तालाब पर कैंडल मार्च निकालते विभिन्न संगठनों के लोग। - फोटो : Jind