20जेएनडी20-शिव कॉलोनी में पशुपालन विभाग परिसर के पास खाली जमीन पर पडी गंदगी का फोटो। स्रोत : कॉ
जींद। शहर के वार्ड 18 की शिव कॉलोनी में पशुपालन विभाग परिसर के नजदीक खाली पड़ी जमीन पर लोग पशुओं का गोबर और दूसरी गंदगी डाल रहे हैं। इससे आसपास बने मकानों में रहने वालों का जीवन नर्क बन गया है। परेशान लोगों ने डीसी को शिकायत भेज यहां से गंदगी हटवाने और भविष्य में यहां लोगों को गंदगी डालने से रोकने की गुहार लगाई है।
डीसी को भेजी शिकायत में वार्ड 18 के लोग प्रेम, रविंद्र, शांति और प्रमिला ने कहा कि उनके घरों के नजदीक सरकारी जमीन खाली पड़ी है। इसे कुछ लोगों ने अपने पशुओं का गोबर और दूसरी गंदगी डालने का डंपिंग जोन बना लिया है। खाली पड़ी इस सरकारी जमीन पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
गंदगी पर मक्खी व मच्छर पल रहे हैं जिनसे बीमारी फैल रही है। कई लोग बुखार की चपेट में हैं। गंदगी से उठने वाली बदबू से लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो गई है। परेशान लोगों ने डीसी से गुहार लगाई है कि इस सरकारी जमीन से गंदगी साफ करवाई जाए और दोबारा यहां गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाए।