घटना स्थल पर जांच करने पहुंचे पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी हरिओम।
- फोटो : Jind
जींद। बाइक सवार युवकों ने पिस्तौल के बल पर बैंककर्मियों से रिकवरी के एक लाख रुपये लूट लिए। पीड़ितों की शिकायत पर मामले में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने बाइक सवार तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिल्लूखेडा थाना पुलिस को दी शिकायत में नरवाना निवासी विशाल ने बताया कि वह और जॉनी आरबीएल बैंक के कर्मचारी हैं। बैंक की रिकवरी के एक लाख रुपये लेकर वह बैंक लौट रहे थे। इस दौरान जब वह धड़ौली से भड़ताना रोड पर पहुंचे तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और उनकी बाइक को रुकवा कर पिस्तौल तान दी। इसके बाद उनमें से दो युवकों ने उनके पास से एक लाख रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन छीन लिए और भड़ताना गांव की तरफ भाग गए। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि दोनों युवकों के बयान दर्ज कर अज्ञात में बाइक सवार युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है।