फोटो 09जेएनडी06-सोमवती अमावस्या पर तीर्थ में स्नान करते हुए श्रद्धालु। संवाद
जींद। कार्तिक अमावस्या और सोमवती अमावस्या के विशेष संयोग पर सोमवार को पांडू पिंडारा स्थित ऐतिहासिक पिंडतारक तीर्थ पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह तड़के से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पवित्र सरोवर में स्नान कर पितरों की आत्मशांति के लिए तर्पण और पिंडदान किया।
श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना भी की। इस दौरान तीर्थ परिसर में मेला भी लगा, जहां दिनभर भक्ति गीत गूंजते रहे और लोगों ने जमकर खरीदारी की।
सोमवती अमावस्या का संयोग होने के कारण इस बार पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सुबह से शुरू हुआ स्नान और पिंडदान का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा।
मान्यता है कि इस दिन पितरों का तर्पण करने से उन्हें शांति मिलती है और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी आस्था के चलते हरियाणा सहित दूसरे प्रदेशों से भी श्रद्धालु पांडू पिंडारा पहुंचे। पिंडतारक तीर्थ को लेकर मान्यता है कि महाभारत युद्ध के बाद पांडवों ने अपने मारे गए परिजनों की आत्मा की शांति के लिए यहां 12 वर्ष तक सोमवती अमावस्या की प्रतीक्षा में तपस्या की थी। सोमवती अमावस्या आने पर उन्होंने यहां पिंडदान किया। तभी से इस तीर्थ पर पितरों के निमित्त पिंडदान करने का विशेष महत्व माना जाता है।
मेले में बच्चों ने खरीदे खिलौने, महिलाओं ने की खरीदारी
तीर्थ परिसर में लगे मेले में पूजा-पाठ के साथ खरीदारी का भी उत्साह रहा। दुकानदारों ने जगह-जगह फड़ लगाई हुई थी। बच्चों ने खिलौने खरीदे तो महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने घरेलू जरूरत का सामान लिया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। आसपास के मार्गों पर पुलिस नाके लगाए गए, ताकि यातायात सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
हिंदू धर्म में कार्तिक अमावस्या का विशेष महत्व
जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि हिंदू धर्म में कार्तिक अमावस्या का विशेष महत्व है। शास्त्रों में इस दिन दान-पुण्य को फलदायी बताया गया है। पितृ तर्पण करने से पितरों की प्रसन्नता और उनका आशीर्वाद प्राप्त होने की मान्यता है।
फोटो 09जेएनडी06-सोमवती अमावस्या पर तीर्थ में स्नान करते हुए श्रद्धालु। संवाद