उचाना। शहर के बाजारों को नगर पालिका की तरफ से अतिक्रमण मुक्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। बाजारों में दुकानदारों के लिए नपा ने लक्ष्मण रेखा खींच दी है। लक्ष्मण रेखा लांघने पर अब दुकानदारों को भारी पड़ेगा। नगर पालिका ने रेलवे फाटक अंडरपास के पास, पुरानी मंडी से रेलवे रोड सहित विभिन्न बाजारों में नपा ने दुकानों के बाहर पीली पट्टी खींच दी है। अधिकारियों ने कहा कि अगर अब कोई भी दुकानदार लाइन के बाहर सड़क पर सामान रखता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर के अंदर बाजारों में पीली पट्टियां लगाई गई हैं। यह पट्टियां आने जाने वाले वाहनों के लिए भी बहुत महत्व रखती हैं। ठंड के मौसम में कोहरा बढ़ेगा तो यह पीली पट्टियां वाहन चालकों को चलने में मदद करेंगी। शहर की सड़कों पर अतिक्रमण होने के कारण कई बार लंबा जाम लग जाता है। अतिक्रमण से परेशान लोग लगातार इससे छुटकारा दिलाने की मांग कर रहे थे। लगातार प्रशासन को इसके लिए अवगत भी करवा रहे थे। अब आमजन की समस्याओं का समाधान होना शुरू हो गया है। नगर पालिका ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाजारों में लगता है जाम
लितानी रोड, रेलवे रोड, डाकघर रोड, गीता विद्या मंदिर स्कूल रोड, पुलिस चौकी रोड सहित अन्य बाजारों में सड़क के दोनों तरफ दुकानों के आगे सामान रखकर अतिक्रमण करते हैं। बाजारों में सड़क सिकुड़ जाने से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इतना ही नहीं, बल्कि वाहनों के अलावा पैदल आने-जाने वालों तक को परेशानी होती है। दुकानों के आगे लाइन खींचे जाने से दुकानदार सड़क पर सामान नहीं रख सकेंगे। ऐसे में बाजार अतिक्रमण मुक्त होने से जाम से भी छुटकारा मिलेगा।
वर्जननगर पालिका सचिव विक्रमजीत ने बताया कि अगर कोई दुकानदार इस रेखा के पार कोई सामान रखता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर रखा गया सामान जब्त कर लिया जाएगा। -विक्रमजीत, सचिव नगर पालिका, उचाना।