जींद। कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र को भी संक्रमण अपनी जद में ले रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन इसको लेकर गंभीर हो गया है और ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना जांच बढ़ाने की तैयारी की है। इसके तहत हर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व उप स्वास्थ्य केंद्र पर भी एंटीजन किट से जांच करवाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार जिले में यदि 100 नए संक्रमित मिलते हैं तो इनमें से 40 ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित हैं। वहीं कोरोना से मौत के मामले में भी ग्रामीण क्षेत्रों का आंकड़ा 20 प्रतिशत से अधिक है। ऐसे में प्रशासन संक्रमण के प्रारंभिक स्तर पर ही इसे नियंत्रित करना चाहता है।
ग्रामीणों की जीवनशैली अभी भी लापरवाही भरी
एक ओर कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोग गंभीर नहीं है। हालांकि गांव से शहर आने पर लोग मास्क का प्रयोग करते हैं, लेकिन गांव में रहते हुए मास्क नहीं लगाए जा रहे हैं। वहीं ताश व हुक्के पर अभी लोगों का जमघट लग रहा है, जो काफी खतरनाक हो सकता है।
जांच बढ़ाएगा स्वास्थ्य विभाग
संक्रमण से बचने के लिए ग्रामीणों को भी सावधानी बरतनी चाहिए। उन्हें मास्क व शारीरिक दूरी के नियम को अपनाना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में जांच बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसके लिए 12 हजार एंटीजन किटें मिलीं हैं। अब उपस्वास्थ्य केंद्र पर भी लोगों को कोरोना जांच की सुविधा दी जाएगी।
-डॉ. पालेराम कटारिया, नोडल अधिकारी कोविड-19
संक्रमित होने पर डरें नहीं, सही इलाज लें
संक्रमण बढ़ रहा है, लेकिन संक्रमित होने पर डरने की बजाय हौसले से इलाज लेने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना संक्रमण के मरीजों को बहुत ही असरदार दवा दी जा रही है। संक्रमण मिलने पर अस्पताल आने की जल्दबाजी नहीं करें। यह दवा घर पर लेने पर भी व्यक्ति ठीक हो सकता है। यदि अधिक परेशानी हो तो ही अस्पताल आएं।
-डॉ. गोपाल गोयल, एसएमओ, नागरिक अस्पताल जींद।