जींद। दो रोडवेज बस चालकों के बीच एक-दूसरे से आगे निकालने की रेस का वीडियो वायरल होने के बाद जींद डिपो के चालक को निलंबित किया जा चुका है। उसके साथ रेस लगाने वाले दूसरे चालक कुलदीप को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हरियाणा राज्य परिवहन चंडीगढ़ महाप्रबंधक द्वारा जारी नोटिस का चालक को तीन दिन में जवाब देना होगा, नहीं तो उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई होगी। दूसरी बस पर चालक कुलदीप तैनात था।
गौरतलब है कि एक मार्च को जींद डिपो के नरवाना सब डिपो की बस चंडीगढ़ से नरवाना की तरफ आ रही थी। इस बस को आगे हिसार जाना था। रोडवेज की इस बस को चालक महेंद्र सिंह चला रहा था। कलायत से आगे निकलते ही चालक महेंद्र सिंह ने दूसरे डिपो की एक बस को उससे आगे निकलने की कोशिश की। दूसरे डिपो की बस को चालक कुलदीप चला रहा था। कुलदीप ने अपनी स्पीड बढ़ाई तो महेंद्र सिंह ने भी उस बस से आगे निकालने की होड़ लगा ली और तेज स्पीड कर दी। गलत तरीके से कट भी मारे, जिससे बस के अंदर बैठे यात्री सहम उठे। करीब 11 किलोमीटर तक दोनों बस चालकों के बीच एक दूसरे से आगे निकालने की होड़ जारी रही। नरवाना में फ्लाईओवर पर लापरवाही करते हुए बस को गलत दिशा में चलाया। इस सारे घटनाक्रम की बस के पीछे आ रही कार के चालक रमेश ने वीडियो भी बना ली। यात्रियों ने बाद में इसकी शिकायत महाप्रबंधक से की और चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस पर जींद डिपो के महाप्रबंधक राहुल जैन ने जींद डिपो के चालक महेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया था। अब हरियाणा राज्य परिवहन चंडीगढ़ महाप्रबंधक द्वारा दूसरे डिपो के चालक कुलदीप सिंह को भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन का समय दिया है। इसमें कुलदीप से उसका पक्ष मांगते हुए स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। अब कुलदीप को तीन दिन में इस पत्र का जवाब देना होगा।