जींद। जिले की अनाज मंडियों में गेहूं डालने की जगह नहीं बची है। क्योंकि अनाज मंडियों से गेहूं का उठान नहीं हो रहा है। वीरवार को साइट ठप रहने से लिफ्टिंग के गेट पास नहीं कट सके जिससे गेहूं के बैगों से भरे ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं।
वहीं, गेहूं का उठान नहीं होने से किसानों का भुगतान भी अटक गया है जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। गेहूं खरीद व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरती नजर आ रही है। खरीद पोर्टल बार-बार ठप होने के कारण गेट पास जारी नहीं हो पा रहे हैं जिससे गेहूं का उठान प्रभावित हुआ है। हालात यह हैं कि अब तक महज सात प्रतिशत ही गेहूं का उठान हो पाया है जबकि मंडियों में लगातार आवक जारी है।
मंडी में गेहूं लेकर पहुंच रहे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गेट पास नहीं कटने के कारण किसान अपनी फसल को मंडी में उतार नहीं पा रहे हैं। मंडी पहले ही गेहूं के बैगों से अटी पड़ी है। ऐसे में किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घंटों तक मंडियों के बाहर खड़े रहने को मजबूर हैं। यदि जल्द ही उठान की गति नहीं बढ़ाई गई तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।
आढ़ती और किसानों को आ रही परेशानी
खरीद पोर्टल रुक-रुककर चलने के कारण आढ़तियों और कर्मचारियों को गेट पास बनाने में काफी दिक्कत आ रही है। कई बार डेटा अपलोड नहीं हो पाता तो कभी सर्वर डाउन हो जाता है। इस वजह से पूरी खरीद प्रक्रिया धीमी हो गई है। किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडी में पहुंच तो रहे हैं लेकिन प्रक्रिया पूरी होने में काफी समय लग रहा है।
सरकार को इस समस्या का तुरंत समाधान करना चाहिए। गेहूं की कटाई का सीजन चल रहा है और ऐसे में खरीद व्यवस्था का सुचारू रूप से चलना बेहद जरूरी है। यदि समय पर खरीद नहीं हुई, तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
-कमल, मांडो खेड़ी
-
अनाज मंडी में गेहूं उठान का कार्य काफी धीमा है। इसके कारण किसानों को गेहूं डालने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। ऐसे में किसानों को गेहूं डालने के लिए काफी इंतजार करना पड़ रहा है।
-जयदीप, बड़ौदी
ऑनलाइन सिस्टम नहीं चल पाने के कारण लिफ्टिंग का काम नहीं हो पा रहा है। अब तक मात्र 35 हजार के लगभग गेहूं के बैगों का ही उठान हो पाया है। जब तक गेहूं का उठान नहीं होता तब तक किसानों का भुगतान नहीं होगा।
-सुशील सिहाग, प्रधान, दा न्यू फूड ग्रेन डीलर वेलफेयर एसोसिएशन
पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण गेट पास नहीं कट पा रहे हैं। कुछ गाड़ियों को मैन्युअल गेट पास काटकर निकाला जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाएगा ताकि किसानों को परेशानी न हो। इसलिए ही गेंहू के उठान में देरी हो रही है।
-अनुराग गुप्ता, डीएम, हैफेड
16जेएनडी07-गेहूं का उठान नहीं होने से अटी पड़ी अनाज मंडी। संवाद
16जेएनडी07-गेहूं का उठान नहीं होने से अटी पड़ी अनाज मंडी। संवाद