लगातार कई दिन से झुलसा देने वाली गर्मी से सोमवार को भी राहत नहीं मिली। इसका असर शहर की सड़कों पर भी साफ देखा गया। शहर की सड़कें सूनसान रही। सामान्य दिनों के मुकाबले शहर की सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू सा नजारा देखने को मिला।
सुबह नौ बजे से ही आसमान से आग बरसनी शुरू हो गई थी। जैसे दिन चढ़ा, सूर्य देवता के तेवर भी तल्ख होते गए। दोपहर दो बजे तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया। चार बजे तक लगातार लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान रखा और इसके बाद पारा कुछ कम होने लगा। इसी बीच दिन में करीब दस किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली गर्म हवा ने लोगों को घरों के अंदर तक झुलसाने का काम किया। देर शाम आठ बजे मौसम के मिजाज में कुछ नर्मी आई।