फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नवजात बच्ची को नागरिक अस्पताल के शौचालय में छोड़ गई महिला

विज्ञापन
विज्ञापन
जींद। नागरिक अस्पताल के शौचालय में बुधवार की रात करीब दस बजे एक महिला अपनी नवजात बच्ची को छोड़कर भाग गई। इसी बीच शौच के लिए आई दूसरी महिला ने नवजात को देखकर अस्पताल प्रशासन को मामले की जानकारी दी। हालांकि यह पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। फुटेज में महिला के साथ दो युवक भी दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल प्रशासन महिला का पता लगाने में जुटा गया है।
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल के फ्लू कॉर्नर के पास स्थित शौचालय में एक महिला गई थी। यहां महिला ने देेखा कि एक नवजात बच्ची पड़ी है। उसने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी। इसके बाद स्टाफ नर्स मौके पर पहुंची और बच्ची को इमरजेंसी में चिकित्सकों के पास लेकर गई, जहां से चिकित्सकों ने उसको नर्सरी में भर्ती कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में स्टॉफ नर्स शर्मिला ने बताया कि वह बुधवार रात को नागरिक अस्पताल में ड्यूटी पर थी। इस दौरान एक महिला ने शौचालय में एक नवजात पड़ा होने की सूचना दी। इस पर वह इमरजेंसी में तैनात नर्सिंग स्टाफ व गार्ड के साथ मौके पर पहुंचीं तो नवजात बच्ची मिली। उन्होंने उसको वहां से शिशू नर्सरी में पहुंचाया। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस तथा चाइल्ड वेल्फेयर कमेटी के पदाधिकारी सामान्य अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
विज्ञापन

तीन दिन पहले हुआ है जन्म
नवजात बालिका का जन्म लगभग तीन दिन पहले हुआ है। उसे कपड़े भी पहनाए गए थे, ओरनाल की जगह धागा बंधा हुआ है। इससे साफ था कि बालिका का जन्म घर में हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगाला
जब सीसीटीवी फूटेज को खंगाला गया तो एक महिला नवजात बालिका को शौचालय में छोड़कर जाती दिखाई दी। महिला के साथ दो युवक भी थे, एक बाहर बाइक के साथ खड़ा हुआ था तो दूसरा महिला पर नजर बनाए हुए था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने स्टाफ नर्स शर्मिला की शिकायत पर महिला समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बालिका को चाइल्ड वेल्फेयर कमेटी के हवाले कर दिया गया है। वहीं, महिला की तलाश के लिए सिविल लाइन थाना पुलिस गोहाना रोड पर लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। इसके अलावा शहर अन्य स्थानों पर आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर के माध्यम से भी पिछले दो से तीन दिन में बच्चा पैदा करने वाली महिलाओं की सूचना ली जाएगी
बाइक पर दो युवकों के साथ आई थी महिला
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाली महिला गोद में बच्ची को लेकर दो युवकों के साथ बाइक से आती हुई दिखाई दी है। इसके बाद वह बच्ची को लेकर अस्पताल के शौचालय में छोड़कर जाती दिखाई देती है। इससे पहले की फुटेज फ्लू कार्नर की तरफ से बच्ची को लेकर अंदर आती है तो फिर इसके बाद वहां से बच्ची को लेकर जाती दिखाई दे रही है।
कुछ देर हो जाती तो जा सकती थी बच्ची की जान
जब बच्ची को नर्सरी में लाया गया तो यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा वशिष्ठ ने जांच की। उन्होंने बताया कि उस समय बच्ची पूरी तरह से ठंडी थी। इसके बाद उसे उपचार दिया गया और कुछ समय बाद उसके शरीर का तापमान सामान्य हुआ। उनका कहना था कि यदि कुछ देर और हो जाती तो बच्ची की जान जा सकती थी।
मां ने दुत्कारा, लेकिन चाहने वालों की कमी नहीं
बेशक एक मां ने अपनी बच्ची को दुत्कार दिया, लेकिन उसे चाहने वालों की कमी नहीं है। महिला वार्ड के कर्मचारियों के अनुसार बच्ची को अपना दूध पिलाने के लिए कई मां आगे आईं। हालांकि उसे एक ही महिला का दूध पिलाया जा रहा है। ऐसे में बेशक बच्ची की मां ने उसे अपने से दूर कर दिया हो, लेकिन अन्य महिलाएं उसका पूरा ख्याल रख रहीं हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें