परशुराम चौक से एसपी निवास तक 40 साल पुरानी सीवर लाइन को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा बदला जाएगा। इसके लिए जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा को विधानसभा सत्र के दौरान सरकार ने आश्वासन दिया है। इसके लिए एचएसवीपी द्वारा एस्टीमेट तैयार करवाया जाएगा। इससे प्राधिकरण के सेक्टर 10 व 11 के करीब 4000 से अधिक मकानों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि परशुराम चौक से एसपी निवास तक काफी पुरानी सीवर लाइन है। पुरानी सीवर लाइन होने के कारण यह बार-बार धंस जाती है। इससे काफी परेशानी होती है। प्राधिकरण के यह सेक्टर शहर के पॉश क्षेत्र में आते हैं और सीवर जैसी दिक्कत होने से यहां लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में अब इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद बनी है।
12 इंच की डाली जाएंगी पाइप
इस लाइन से सेक्टर 10 व 11 का ही गंदा पानी बराह खुर्द गांव स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में भेजा जाता है। इन दोनों सेक्टरों में चार हजार से अधिक मकान हैं। अकेले सेक्टर 10 में 4 ब्लॉक हैं। ऐसे में यहां पहले भी 12 इंच चौड़ी पाइप डाली जाएगी और नई योजना में भी इसी प्रकार के पाइप डाले जाने हैं।
हैबतपुर गांव को भी मिलेगी राहत
मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन देने के वाले हैबतपुर गांव को भी इससे राहत मिलेगी। दरअसल हैबतपुर गांव का गंदा पानी मेडिकल कॉलेज के लिए दी गई जमीन में आता था। अब पानी गलियों में भर जाता है। इसको लेकर ग्रामीण रोष भी जता चुके हैं। वहीं प्राधिकरण का तर्क है के उनकी लाइन से सेक्टर का ही पानी नहीं जा पा रहा है।
करीब एक करोड़ रुपये होंगे खर्च
परशुराम चौक से एसपी निवास तक करीब एक किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली जारी है। इस पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होना है। इसमें से अधिकतर राशि पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की सड़क के बदले देनी होगी। हालांकि अभी इसका एस्टीमेट बनाने के बाद ही पूरी राशि का पता चल पाएगा।
इसके लिए जानकारी मिली है। फिलहाल इस परियोजना के लिए एस्टीमेट बनाया जाएगा। पहले की तरह ही लाइन डाली जानी है। एस्टीमेट बनने के बाद ही राशि का पता चल सकेगा।
अनुज ढांडा, जेई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, जींद।