फोटो 20जेएनडी16-जाट धर्मशाला में आयोजित हरियाणा कॉलेज लेक्चरर वेलफेयर एसोसिएशन में मौजूद सदस्य।
जींद। हरियाणा कॉलेज लेक्चरर वेलफेयर एसोसिएशन का चुनाव जाट धर्मशाला में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव में बड़ी संख्या में सदस्यों ने मतदान कर नई कार्यकारिणी का चयन किया।
मतगणना रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. नरेंद्र गोगल और डॉ. जयभगवान की देखरेख में हुई। प्रधान पद के लिए डॉ. दीप्सी खापरा और डॉ. कोमल के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें डॉ. दीप्सी खापरा ने जीत हासिल कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। वहीं डॉ. मनजीत मलिक और डॉ. चरण सिंह उपाध्यक्ष, फरीदाबाद के डॉ. सुरेश सचिव तथा झज्जर के डॉ. जितेंद्र खजांची पद पर निर्वाचित हुए।
कुछ पदों पर सर्वसम्मति से भी चयन किया गया। चुनाव प्रक्रिया में डॉ. चरण सिंह ग्रोवर और डॉ. नितिन अंतिल ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। डॉ. जयभगवान ने बताया कि चुनाव में करीब 85 प्रतिशत मतदान हुआ, जो एसोसिएशन के इतिहास में सदस्यों की मजबूत लोकतांत्रिक भागीदारी को दर्शाता है।
रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. नरेंद्र गोगल ने परिणाम घोषित कर डॉ. दीप्सी खापरा को निर्वाचन प्रमाण-पत्र सौंपा। जीत के बाद सदस्यों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
डॉ. दीप्सी खापरा ने सभी मतदाताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे कॉलेज लेक्चरर परिवार के विश्वास और एकता की जीत है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा व पारदर्शिता से कार्य करने का संकल्प लिया। वरिष्ठ सदस्यों ने भी नए नेतृत्व से संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई।