नरवाना। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नरवाना विकास की डगर पर लगातार आगे बढ़ रहा है। क्षेत्र में मंजूर विकास परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नरवाना विकास की नई इबारत लिखेगा। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।
कैबिनेट मंत्री सोमवार को नरवाना स्थित अपने निवास पर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि गांव-गांव सड़कों के सुदृढ़ीकरण, नवीनीकरण और विस्तारीकरण के कार्य जारी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार नए स्कूल भवन बनाए जा रहे हैं और ई-डिजिटल पुस्तकालय स्थापित किए जा रहे हैं।
आखिरी ढाणी तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए वाटरवर्क्स के सुधारीकरण के साथ नई पाइपलाइन भी बिछाई जा रही है। उन्होंने बताया कि खेत-खलिहान योजना के तहत प्रत्येक गांव में 25 लाख रुपये की लागत से एक किलोमीटर तक के खेतों के रास्ते पक्के किए जा रहे हैं।
नरवाना नागरिक अस्पताल की क्षमता 100 बेड तक बढ़ाने और नए भवन के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। दनौदा में करीब तीन एकड़ भूमि पर 25 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण चल रहा है।
बेदी ने कहा कि केएम कॉलेज नरवाना में पांच करोड़ रुपये की लागत से नए पुस्तकालय भवन का निर्माण जल्द शुरू होगा। महिला सुरक्षा के मद्देनजर नरवाना में नया महिला थाना भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में नरवाना शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में और मजबूत होगा।