नरवाना सीआईए पुलिस ने तीन दिन में ही दूसरी बड़ी शराब की खेप पकड़ी है। तीन दिन पहले पुलिस ने शराब की 470 पेटी पकड़ी थी। सोमवार रात को पुलिस ने शराब की 550 पेटी पकड़ी हैं। शराब की यह खेप गुजरात के सूरत शहर में जानी थी।
सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि यह शराब एक बंद कंटेनर में प्लास्टिक के डिब्बों व क्रॉकरी की आड़ में रखी गई थी। शराब के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला बाडमेर के गांव धीरनियों की ढाणी निवासी दूदाराम उर्फ दूधिया के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब से भरा एक कंटेनर पंजाब से निकला है और नरवाना के रास्ते गुजरात की तरफ जाने वाला है। पुलिस ने नाकाबंदी करके नरवाना के हरियल चौक पर कंटेनर को पकड़ लिया। पुलिस ने जब कंटेनर की तलाशी ली तो इसमें पिछला हिस्सा प्लास्टिक के डिब्बों व क्रॉकरी से भरा हुआ था। जब पुलिस ने क्रॉकरी को नीचे उतारा तो कंटेनर के बीच में लोहे की मोटी चादर वेल्ड की गई थी। इसे जब काटा गया तो इसके अगले हिस्से में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब व बीयर की पेटियां भरी हुई मिली। सुखदेव सिंह ने बताया कि कंटेनर से शराब की कुल 550 पेटी मिली। इनमें 340 पेटी अंग्रेजी मेकडॉवल मार्का, 80 पेटी शराब रॉयल चैलेंज तथा 130 पेटी बीयर की मिली।