जींद। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि देश व प्रदेश में भाईचारे के लिए खापों का आधुनिक युग में और भी अधिक महत्व है। खाप प्रतिनिधियों को सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य, विशेषकर शिक्षा के प्रचार में विशेष भूमिका निभानी चाहिए। दुष्यंत चौटाला गांव पालवां में सर्वजातीय दाडन खाप के चबूतरे पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने गांव में ई-लाइब्रेरी कम कोचिंग सेंटर के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि खाप पंचायतों का मुख्य कार्य सामाजिक ताने-बाने को जोडना, गरीबोत्थान तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य में सुधार के लिए होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में खाप प्रतिनिधियों द्वारा बच्चों, विशेषकर लड़कियों की शिक्षा के प्रति जनजागरण किया जाना चाहिए। बेहतर कोचिंग, ट्रेनिंग व अन्य आवश्यक संसाधनों के अभाव की वजह से ग्रामीण इलाके का होनहार बच्चा भी प्रतियोगिता में पिछड़ जाता है। इस दिशा में खाप प्रतिनिधियों एवं युवा कल्बों में बच्चों के लिए कोचिंग का संस्थागत ढांचा बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए। यदि खाप पंचायतें इसके लिए प्रयास करें तो सरकार हर संभव मदद करेगी।
इस मौके पर विधायक अमरजीत ढांडा, जजपा के जिला प्रधान कृष्ण राठी, बिनैण खाप के प्रवक्ता रघुबीर नैन समेत कई खापों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।