जिला परिषद की चेयरपर्सन प्रवीण देवी घनघस के बेटे नवदीप द्वारा गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस को उसकी जेब से दो पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नवदीप ने सुसाइड नोट में आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण नहीं लिखा है। नवदीप ने लिखा कि ‘वह एक अच्छी औलाद साबित नहीं हो पाया, इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। प्रशासन मेरे माता-पिता को परेशान नहीं करे’। उसने कहा कि उसे दो लोगों के 18 हजार रुपये देने हैं, वह भिजवा देना।
पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में नवदीप ने लिखा है कि ‘मैं काम में निठल्ला रहा हूं। प्यारे मम्मी-पापा मैं आपकी नालायक औलाद निकला। इसलिए मैं अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से आत्महत्या कर रहा हूं। प्रशासन मेरे माता-पिता को तंग नहीं करें। मेरे माता-पिता बहुत अच्छे हैं’। नवदीप ने लिखा कि उसने शर्मा जूस वाले के आठ हजार रुपये और सोमबीर कटारिया के 10 हजार रुपये देने हैं। यह पैसे उनके पास पहुंचा देना। पुलिस ने शनिवार को सफीदों के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया परिजन सौंपा दिया है। शनिवार को नवदीप का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर जुलाना विधायक अमरजीत ढांडा, विजयपाल एडवोकेट, श्रवण गर्ग, कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली, पूर्व विधायक जसबीर देशवाल, अमरपाल राणा, राकेश शर्मा, सेवाराम शामिल हुए।
पिता नरेंद्र घणघस को थी बेटे के लिए बहू की तलाश
25 वर्षीय नवदीप ने पढ़ाई के दौरान से ही हेचरी का कारोबार संभालना शुरू कर दिया था। उसने स्नातक की पढ़ाई भी ओपन से ही की। अब पिता नरेंद्र घणघस को बेटेे के लिए बहू की तलाश थी, जोकि सफीदों कोर्ट के पीछे नव मकान का मुहूर्त होने के बाद दीपावली के पास उसकी शादी करने के सपने दिल में संजोए बैठे थे। परिवार के सदस्यों क्या पता था कि नवदीप इतना बड़ा कदम उठा लेगा। बेटे द्वारा ऐसा करने पर संस्कार के दौरान भी पिता नरेंद्र घणघस मुंह से एक ही बात निकल रही थी कि मैं बिल्कुल टूट चुका हूं। उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
सुसाइड नोट में ऐसी कोई बात नहीं लिखी गई है जिसमें किसी पर कोई आरोप लगाया गया हों। इस मामले में इत्फाकिया कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सिर से गोली बरामद हुई है। घटनास्थल पर मिली रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया गया है।
देवीलाल, शहर थाना प्रभारी सफीदों।
नवदीप का फाइल फोटो।- फोटो : Jind
जिला परिषद की चेयरपर्सन के बेटे के पोस्टमार्टम के दौरान सफीदों के नागरिक अस्पताल में जुटी लोगों - फोटो : Jind