जींद। लगभग दो साल बाद वीरवार को जिला परिषद चेयरपर्सन अपनी कमान संभालेंगी। डीआरडीए हाल में डीसी डॉ. मनोज कुमार चेयरपर्सन, वाइस चेयरमैन व अन्य पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद चेयरपर्सन ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए पार्षदों के साथ बैठक करेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में इसके बाद फिर से विकास कार्यों की शुरुआत हो पाएगी।
लगभग डेढ़ साल पहले जिला परिषद चेयरपर्सन का कार्यकाल खत्म हो गया था। इसके बाद जिला परिषद की कमान जिला प्रशासन के हाथ में चली गई थी। 30 अक्तूबर को जिला परिषद के लिए चुनाव हुआ था। इसके बाद 27 नवंबर को जिला परिषद के 25 सदस्य चुने गए थे। पांच जनवरी को जिला परिषद चेयरपर्सन व वाइस चेयरमैन का चुनाव करवाया गया। इसमें एक वोट से वार्ड नंबर 15 से मनीषा रंधावा चेयरपर्सन चुनी गई थीं। वहीं वार्ड नंबर 17 से सतीश हथवाला वाइस चेयरमैन चुने गए थे। मनीषा रंधावा जजपा समर्थित हैं जबकि सतीश हथवाला भाजपा समर्थित हैं। दोनों वीरवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे, इसके अलावा पार्षदों को भी शपथ दिलाई जाएगी। डीआरडीए हाल में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला परिषद के सीईओ विनेश ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे होगा। इसके बाद चेयरपर्सन अपनी कार्यभार ग्रहण करेंगी। चेयरपर्सन मनीषा रंधावा ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद पार्षदों की बैठक ली जाएगी। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में विकास को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके बाद सभी पार्षदों से उनके वार्डों में करवाए जाने वाले विकास कार्यों की सूची मांगी जाएगी। जल्द ही बैठक बुलाकर विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव पास किए जाएंगे।