संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। हरियाणा ही नहीं बल्कि देश के अन्य हिस्सों में यात्राएं चलती रहती हैं। यात्राएं राजनीति का एक अहम हिस्सा हैं चाहे वह किसी माध्यम से की जाए। लोगों तक पहुंचने का यह एक तरीका भी है ताकि अपनी बात लोगों तक पहुंचाई जा सके। ये बातें सांसद बृजेंद्र सिंह ने नरवाना बाइपास पर बलवान कापड़ो के आवास पर आयोजित बैठक में कांग्रेस की यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि हिसार लोकसभा क्षेत्र में 9 हलके आते हैं। सभी हलकों में ज्यादा से ज्यादा वे जाने की कोशिश कर रहे हैं। गांव-गांव जाकर वे लोगों से मिल रहे है। कोशिश है कि आने वाले पांच से छह महीने तक पूरे लोकसभा के सभी गांवों में पहुंचे। हमारे बजट सेशन के समाप्त होने से पहले कोशिश रहेगी कि हलके के सभी गांवों में वो पहुंचे कर पूरा हलका कवर कर लें। अब तक 30 से अधिक गांवों में वो जा चुके हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति जो देश में पिछले दो लोकसभा चुनाव में बनी है उससे कांग्रेस के अस्तित्व पर सवाल खड़ा हो गया है। जिस पार्टी ने लंबे समय तक देश पर राज किया हो वो ऐसी स्थिति में आए जाए कि एक बार लोकसभा में 44 सीट, एक बार 52 सीट मिले। कांग्रेस आज अपनी तरफ से कोशिश कर रही है कि जो उनकी खोई जमीन है उसको वो हासिल कर सकें लेकिन उनके संगठन में कमजोरी इतनी ज्यादा आ चुकी है कि उनको नहीं लगता कि जो उनका यह प्रयास चल रहा है ये राजनीति रूप से ज्यादा कारगर साबित होगा।