संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। सिंघाना गांव निवासी 72 वर्षीय व्यक्ति को सरकारी दस्तावेजों में मृत दिखाया गया है। यह जानकारी देते हुए सिंघाना निवासी सूरत सिंह ने बताया कि वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उनकी मौत हो चुकी है।
सूरत सिंह ने बताया कि उसके पास पिछले 15 वर्षों से राशन कार्ड नहीं है। कई दिन पहले जब वह राशन कार्ड बनवाने के लिए संबंधित कार्यालय द्वारा मांगे गए दस्तावेज लेने के लिए सीएससी सेंटर पर अपना परिवार पहचान पत्र निकलवाने गए तो सेंटर पर बैठे युवक ने उसे उसकी मौत का दस्तावेज प्रिंटर से निकाल कर थमा दिया गया। इसमें लिखा था कि इस परिवार पहचानपत्र के व्यक्ति सूरत सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है। इस पर हैरान सूरत सिंह कई दफ्तरों के चक्कर काट चुके हैं। उसका कहना है कि उसे यह भी नहीं बताया गया है कि वह किससे इस बात का सबूत ले कि वह जिंदा है, ताकि उसका परिवार पहचान पत्र बहाल हो सके और फिर वह अपना राशन कार्ड बनवा सके। उसने बताया कि उसके दो-सदस्यीय परिवार में उसकी पत्नी मेवा देवी भी है।