जींद। पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के हालात को देखते हुए हरियाणा सरकार ने पड़ोसी राज्य की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जींद जिला प्रशासन व सामाजिक संस्थाएं की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री से भरे पांच वाहनों को हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह राहत सामग्री पंजाब के जिला संगरूर में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भेजी गई है।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि भारी बरसात की वजह से देशभर के कई राज्यों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। पंजाब जैसे कुछ प्रदेशों में तो बरसाती पानी ने अपना रौद्र रूप धारण किया हुआ है। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पहले भी पांच करोड़ रुपये की सहायता राशि पंजाब सरकार को भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि नर सेवा ही वास्तव में नारायण सेवा है और इसी आदर्श पर खरा उतरते हुए जींद जिला प्रशासन, जनसाधारण, समाजसेवी संस्थाओं व संगठनों ने इस पुनित कार्य में हिस्सा लिया है जो आपदा की इस घड़ी में पीड़ित लोगों के प्रति उनकी सच्ची संवेदना एवं आत्मीयता का परिचायक है। इस अवसर पर डीसी मोहम्मद इमरान रजा, एडीसी विवेक आर्य, भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, एसडीएम सत्यवान सिंह मान, नगराधीश मोनिका रानी व डॉ. राज सैनी भी मौजूद रहे।
राहत सामग्री में यह चीजें शामिल
राहत सामग्री में सूखा दूध, दाल, चीनी, नमक, प्याज, आलू, चावल, आटा, सरसों का तेल, चाय, हल्दी, लाल मिर्च, बिस्कुट, मोमबत्ती पैकेट, पानी की बोतलें, नहाने व कपड़े धोने का साबुन, टूथब्रश व पेस्ट, मच्छरदानी, मच्छर भगाने वाली दवाइयां, तिरपाल तथा मेडिकल फर्स्ट एड बॉक्स जैसी चीजें शामिल हैं।