जींद। जिले के राजकीय स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने और बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने पहल की है।
जिले के 174 प्राथमिक विद्यालयों में अब स्मार्ट क्लास की तर्ज पर एलईडी टीवी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से बच्चों को न केवल रोचक तरीके से पढ़ाया जाएगा बल्कि संपर्क दीदी नामक एनिमेटेड प्रोग्राम के जरिए गणित और हिंदी जैसे कठिन समझे जाने वाले विषयों को भी सरल बनाया जाएगा।
शिक्षा विभाग की योजना के अनुसार स्कूलों में एलईडी टीवी लगने के बाद रोटेशन के आधार पर लेक्चर आयोजित किए जाएंगे। इससे एक ही समय में बेहतरीन शैक्षणिक सामग्री सभी बच्चों तक पहुंच सकेगी। यदि किसी स्कूल में संबंधित विषय का शिक्षक उपलब्ध नहीं है तो वहां एलईडी के माध्यम से आडियो-विजुअल फार्मेट में पाठ पढ़ाया जाएगा।
इस डिजिटल मुहिम का सबसे खास हिस्सा संपर्क स्मार्ट शाला कार्यक्रम है। इसमें संपर्क दीदी नामक एक वर्चुअल पात्र बच्चों को कहानियों, गानों और खिलौनों के माध्यम से पढ़ाती नजर आएंगी। कठिन फार्मूले और गणनाएं अब रटने के बजाय ग्राफिक्स और गतिविधियों के जरिए समझाई जाएंगी।
भाषा के व्याकरण और उच्चारण को सही करने के लिए डिजिटल कहानियों का सहारा लिया जाएगा। विभाग का कहना है कि एलईडी पैनल लगने के बाद एक निश्चित टाइम-टेबल तैयार किया जाएगा। इसके तहत अलग-अलग कक्षाओं के लिए रोटेशन में लेक्चर चलेंगे। इससे शिक्षकों का कार्यभार भी कम होगा और वे बच्चों की व्यक्तिगत काउंसिलिंग पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
वर्जन
एलईडी टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा दी जाएगी। इससे विद्यार्थी रोचक तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे। गणित और हिंदी विषय को समझने के लिए उन्हें सरल बनाया जाएगा। जिले के 174 राजकीय स्कूलों में एलईडी मुहैया करवाई गई है।
राजेश वशिष्ठ, एफएलएन जिला कोआर्डिनेटर