जींद। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश व फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (पॉक्सो) की न्यायाधीश शिफा की अदालत ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न करने के दोषी को 20 साल की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 1.15 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर दोषी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, वर्ष 2024 में अलेवा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि गांव मांडी निवासी नीरज उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। आरोप था कि आरोपी ने बेटी को बंधक बनाकर रखा और उसका यौन उत्पीड़न किया।
शिकायत के अनुसार, दो दिन बाद आरोपी उनकी बेटी को घर छोड़ गया था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर पीड़िता के बयान के आधार पर जांच पूरी की और आरोपी के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया। तभी से मामले की सुनवाई अदालत में चल रही थी। मंगलवार को अदालत ने सुनवाई करते हुए आरोपी को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है।