जींद। जिला बार एसोसिएशन ने डीएसपी गीतिका जाखड़ के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करने और जींद से उनका तबादला करने की मांग को लेकर सोमवार को सफीदों में सीएम से मुलाकात की। सीएम ने उनका पक्ष सुना और इसमें कार्रवाई के लिए आश्वासन दिया। इस पर वकीलों ने निर्णय लिया कि अगर मंगलवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो वह हरियाणा के अतिरिक्त पंजाब व चंडीगढ़ के वकीलों को भी आंदोलन में शामिल करेंगे। इसके लिए बार कौंसिल के चेयरमैन से भी वकीलों ने बात की है।
बार एसोसिएशन के प्रधान राकेश मलिक ने कहा कि डीएसपी ने वकीलों के साथ अभद्र व्यवहार कर उनको गलत तरीके से डिटेन किया था। इससे बारे के सभी वकीलों में रोष बना हुआ है। जब तक डीएसपी पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। प्रधान ने बताया कि डीएसपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी से दो बार मुलाकात हो चुकी है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में पूरे प्रदेश के वकील हड़ताल पर हैं। अगर मंगलवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो वह पंजाब व चंडीगढ़ के वकीलों को भी हड़ताल में शामिल करेंगे।