संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय सफीदों की बीएससी नर्सिंग छात्राओं ने पोस्टरों के माध्यम से वर्ष 1947 में हुए भारत विभाजन की त्रासदी और इसके दौरान लोगों को झेलनी पड़ी पीड़ा को प्रदर्शित किया।
सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हर वर्ष 14 अगस्त को उन लाखों लोगों की स्मृति में मनाया जाता है जिन्होंने विभाजन के दौरान विस्थापन, हिंसा और अपनों से बिछड़ने का दर्द झेला। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को इतिहास की इस त्रासदी से अवगत कराते हुए एकता, सद्भाव, सहिष्णुता और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह पुनिया, उप-सिविल सर्जन डॉ. पालेराम कटारिया और वरिष्ठ दंतक सर्जन डॉ. दिनेश गुप्ता निर्णायक मंडल में शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने पोस्टरों का अवलोकन करने के बाद सरिता को प्रथम, रिया को द्वितीय और विनती को तृतीय पुरस्कार के लिए चुना। प्रतियोगिता में जानवी, मुस्कान, ममता, ओशिन, गरिमा वमानसी ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर ने किया।