जुलाना के एक किरयाना व्यापारी से 20 लाख की चौथ मांगने पर व्यापारियों में दहशत है। भेजे गए पत्र में संचालक को परिवार सहित मारने की धमकी दी गई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से मामले की जानकारी लेकर केस दर्ज कर लिया है। जींद में माह के अंदर किरयाना संचालक की हत्या के बाद चौथ मांगने की घटना से लोग परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अपराधियों के कारण लोगोें का चैन हराम हो गया है। पुलिस की प्लानिंग के बावजूद आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
जुलाना के वार्ड नंबर- छह के निवासी सुभाष जिंदल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मकान के पीछे ही उसकी किरयाना की दुकान है। बुधवार को वह दुकान पर था। शाम को जब वह घर गया तो आंगन में एक लेटर पड़ा हुआ था। जब उसने लेटर खोलकर देखा तो उसमें लिखा था कि किरयाना स्टोर की दुकान में बहुत पैसा काम लिया है। अब 20 लाख रुपये दे दो। अगर पैसे नहीं दिए या पुलिस को इस मामले की सूचना दी तो उसे और उसके परिवार को मार दिया जाएगा। किरयाना व्यापारी के अनुसार पत्र पढ़कर परिवार के सभी लोग दहशत में आ गए हैं। परिवार के लोग अप्रत्याशित वारदात से सहमे हुए हैं। इसलिए पुलिस मामले में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करे। किरयाना व्यापारी सुभाष बंसल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक माह में हुए दो मामले
दो लाख रुपये के लिए की थी हत्या
जींद की स्कीम नंबर पांच में किरयाना व्यापारी दर्शन लाल उर्फ पिंकी की हत्या पांच नवंबर को गोली मारकर कर दी थी। पुलिस के अनुसार तीन युवकों ने पिंकी से दो लाख रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने पिंकी की हत्या कर दी थी।
पीसीआर पर की फायरिंग
अलेवा थाना के अंतर्गत आने वाले दिल्लूवाला गांव में पशु चोरों ने पुलिस पीसीआर पर फायरिंग कर दी थी। इसके बाद पशु चोर मौके से फरार हो गए थे। घटना को पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस इन तक नहीं पहुंच सकी है।