जींद। लव मैरिज, लिव-इन रिलेशनशिप और समलैंगिक विवाह जैसे सामाजिक मुद्दों को लेकर माजरा खाप पंचायत ने सरकार से जल्द संज्ञान लेने की मांग की है। पंचायत ने विधानसभा में इन मुद्दों को उठाने वाले विधायकों का आभार जताया।
पंचायत ने कि समाज को प्रभावित करने वाले विषयों पर जनप्रतिनिधियों को अपनी आवाज मजबूती से उठानी चाहिए। खाप पंचायतें पहले भी विधायकों को ज्ञापन सौंपकर विधानसभा में इन विषयों पर चर्चा करवाने का आग्रह कर चुकी हैं।
माजरा खाप पंचायत के प्रधान गुरविंदर सिंह सिद्धू और महेंद्र सिंह सहारण ने विधायक रघबीर सिंह कादियान और रामकुमार गौतम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि दोनों विधायकों ने विधानसभा सत्र में खाप पंचायतों की ओर से उठाए गए मुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि जो विधायक सामाजिक मुद्दों को सदन में नहीं उठाते, जनता को उनसे सवाल करना चाहिए।
माजरा खाप पंचायत के प्रवक्ता समुंद्र सिंह फोर ने बताया कि कुरुक्षेत्र की जाट धर्मशाला में आयोजित तीन दिवसीय चिंतन शिविर में इन विषयों पर कानूनी पहलुओं का अध्ययन करने के लिए कानूनविदों की कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के तहत हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं और विश्वविद्यालयों के कानून विशेषज्ञों को शामिल कर कमेटी गठित की गई है।
यह कमेटी कानूनी दृष्टि से सरकार के समक्ष खाप पंचायतों का पक्ष रखेगी। फोर ने कहा कि 18 अगस्त को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के समक्ष खाप पंचायतों के प्रतिनिधिमंडल ने यह मुद्दा रखा था। मुख्यमंत्री की ओर से सकारात्मक संदेश मिलने के बाद खाप पंचायतों को उम्मीद है कि सरकार इस दिशा में आगे बढ़ेगी।
उन्होंने लव मैरिज, लिव-इन रिलेशनशिप और समलैंगिक विवाह से जुड़े मुद्दों पर सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि समाज को प्रभावित करने वाले विषयों पर सामाजिक संगठनों को राजनीति से ऊपर उठकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। खाप पंचायत ने सरकार से इन मामलों पर शीघ्र संज्ञान लेने की मांग की।