हरियाणा के जींद के सफीदों क्षेत्र में ओवरटेक करने के चक्कर में निजी बस करसिंधु गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में सफेदे के पेड़ से टकरा गई। हादसे में 22 यात्री घायल हो गए। 8 की हालत गंभीर है। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों और राहगीरों ने सवारियों को बस से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पहुंची सफीदों पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल तीन सवारियों को पीजीआई रोहतक और पांच को पानीपत रेफर कर दिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
परिवहन समिति की बस सफीदों से पानीपत जा रही थी। करीब ढाई बजे जब वह करसिंधु गांव के पास पहुंची तो चालक तेजगति से दूसरे वाहन को ओवरटेक करने लगा। बस की गति अधिक होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में जाकर सफेदे के पेड़ से टकरा गई। बस में बैठी 40 सवारियों में से 22 यात्री घायल हो गए।
बस में सवार जसप्रीत निवासी गांव सिरसा और अमित निवासी उत्तर प्रदेश ने बताया कि जब वह जींद से बस में सवार होकर चले तो इसके पीछे एक और निजी बस चल रही थी। जैसे ही यह बस सफीदों बस स्टैंड पर पहुंची तो दूसरी बस इससे आगे निकल गई। यह देखकर परिचालक ने चालक को बस को तेज गति से चलाने के लिए कहा।
सफीदों के खानसर चौक से निकलते ही बस की गति अत्यधिक तेज हो गई। ऐसे में यात्रियों ने एतराज जताया तो परिचालक ने उनके साथ बदतमीजी से बात की। इसी प्रकार की एक घटना पानीपत रोड स्थित नहर के पास होते-होते बच गई। लेकिन जैसे ही बस करसिंधु फॉर्म से आगे निकली तो तेजगति में दूसरे वाहन को ओवरटेक हुए अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े सफेदे के पेड़ से टकराने के बाद पलट गई
इन घायलों की हुई पहचान
सफीदों अस्पताल में पहुंचे घायलों की पहचान सुनील निवासी गांव बेलरखा, अशोक निवासी गांव गैबीपुर, संतोष निवासी रजाना कलां, अमित निवासी गांव रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, बिमला निवासी गांव ईंटल कलां, विनोद निवासी गांव बागडू खुर्द, जसप्रीत सिंह निवासी गांव चकेरियां सिरसा, दयाकिशन निवासी गांव बिसनपुरा, देवी निवासी मुआना, सुंदर सिंह निवासी तावडू, जयनारायण निवासी गांव रत्ताखेड़ा, सुशीला गांव रत्ताखेड़ा, सुदेश व चैन सिंह निवासी नारा के रूप में हुई है।