17जेएनडी12: किसान संगठन लघु सचिवालय में विरोध प्रदर्शन करते हुए। संवाद।
जींद। किसान नेता समेत गिरफ्तार किए गए तीन लोगों की रिहाई और मुकदमे रद्द करने की मांग को लेकर किसानों ने जनता सरकार मोर्चा के आह्वान पर लघु सचिवालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
किसान शनिवार को लघु सचिवालय के बाहर भारतीय किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष विकास सिंसर के नेतृत्व में एकजुट हुए। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ किसानों की तरफ से बातचीत में शामिल गांव कथूरा निवासी अक्षय नरवाल, उनके साथी गांव मदीना निवासी प्रवीण, कोयल गांव निवासी वीरेंद्र को गढ़ी थाना पुलिस ने संगीन धारा लगाकर जेल में डाल हुआ है। उन्होंने कोई हिंसक कदम नहीं उठाया था। उन्होंने कहा कि रविवार को खटकड़ टोल प्लाजा पर किसान संगठनों के साथ मिलकर धरना शुरू किया जाएगा और टोल को भी फ्री करवाया जाएगा। सोमवार तक तीनों को जेल से रिहा नहीं किया गया और दर्ज मुकदमे को रद्द नहीं किया तो किसान संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा। रविवार को खेड़ी चौपटा हिसार से किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खटकड़ टोल प्लाजा पर पहुंचने का आह्वान किया गया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
17जेएनडी12: किसान संगठन लघु सचिवालय में विरोध प्रदर्शन करते हुए। संवाद।