05जेएनडी22: पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में जनसुनवाई करते हुए डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा। स्रोत
जींद। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्णलाल मिड्ढा ने कहा कि प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते जिला मूलभूत सुविधाओं से संपन्न है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली, खेल और अन्य आधारभूत ढांचे में हुए कार्यों से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
डॉ. मिड्ढा रविवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जींद से नौ राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरने के कारण जिले की राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनी है। आने वाले समय में यह पहचान और मजबूत होगी, क्योंकि यहां जल्द ही देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन शुरू होने जा रही है। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
डिप्टी स्पीकर ने बताया कि जिले में रेलवे अंडरपास, ओवरब्रिज, भाखड़ा नहर आधारित पेयजल योजना, एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक, 300 बेड अस्पताल, रानी तालाब, अटल पार्क, नया बस स्टैंड, बाईपास पर घाट निर्माण, सीआरएसयू में नए भवन, सड़कों और सीवरेज व्यवस्था के सुधार जैसे अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं।