राजकीय महाविद्यालयों में यूजी (प्रथम वर्ष) में केवल 10 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी का ही नोटिफिकेशन जारी हुआ है। सीट बढ़ोतरी का नोटिफिकेशन भी केवल जिले के दो ही राजकीय महाविद्यालयों में जारी हुआ है। प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों 20 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी की घोषणा की थी। बृहस्पतिवार को उच्चत्तर शिक्षा विभाग ने जुलाना और नरवाना के राजकीय महाविद्यालयों में केवल 10 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी का ही नोटिफिकेशन भेजा है। वहीं जिला मुख्यालय पर स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और राजकीय महिला महाविद्यालय में नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। केवल 10 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी का नोटिफिकेशन जारी होने से छात्र संगठनों में रोष है। छात्र संगठन सरकार की घोषणा के अनुसार सभी राजकीय महाविद्यालयों में 20 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के साथ किया धोखा
एसएफआई जिला सचिव सागर सिंगल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के साथ धोखा किया है। जिले में सीट बढ़ोतरी का नोटिफिकेशन केवल दो ही महाविद्यालयों में जारी किया गया है। उसमें भी केवल 10 प्रतिशत सीटें ही बढ़ाई गई हैं। जुलाना में जहां सीटें बढ़ी हैं, वहां तो पहले से ही सीटें खाली हैं। जिला मुख्यालय पर स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 1370 निर्धारित सीटों पर पांच हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं, जहां सीटें नहीं बढ़ाई गई हैं। अगर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ, तो एसएफआई बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
10 प्रतिशत सीटों का हुआ है नोटिफेकशन जारी
बृहस्पतिवार को 10 प्रतिशत सीटें बढ़ने का नोटिफिकेशन जारी हुआ है। बढ़ी हुई सीटों पर दाखिले के लिए 20 अगस्त तक आवेदन मांगे गए हैं।
रमेश दलाल, प्राचार्य
राजकीय महाविद्यालय, जुलाना।
इस संबंध में विभाग से पता करेंगे
जुलाना और नरवाना के महाविद्यालयों में तो नोटिफिकेशन जारी होने की सूचना मिली है। फिलहाल हमारे यहां सीट बढ़ोतरी की कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई है। शुक्रवार को विभाग से इस बारे में पता करेंगे।
आरके हुड्डा, प्राचार्य
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जींद।