मनचले युवकों से निपटने के लिए बुधवार को पुलिस ने ऑपरेशन दुर्गा चलाया। पुलिस टीम ने शहर के शिक्षण संस्थानों व पार्कों में अभियान चला मनचलों की जमकर खबर ली। शहर थाना प्रभारी समुंद्र सिंह के नेतृत्व में महिला थाना पुलिस की एक टीम ने स्कूल, कॉलेजों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व पार्कों सहित उन सार्वजनिक स्थलों पर जहां महिलाओं व लड़कियों का आना-जाना ज्यादा होता वहां पर पहुंचे।
कार्यवाहक एसएसपी प्रतीक्षा गोदारा ने जिले की सभी टीमों को कहा कि वह शिक्षण संस्थानों के खुलने व बंद होने के समय पर उनके आसपास मंडराने वाले मनचलों के साथ सख्ती से निपटें। जबकि अन्य किसी ऐसे युवकों को बेवजह परेशान न करें जो सही हो। लेकिन मनचलों को किसी भी सूरत में न बख्शे। एसएसपी ने कहा कि ऐसे मनचलों की अब खैर नहीं जो लड़कियों व महिलाओं को परेशान करने का काम करते है। ऑपरेशन दुर्गा के तहत इन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। एसएसपी ने कहा कि महिलाओं व लड़कियों को उनके अधिकारों और साइबर अपराध के बारे में जागरुक कर महिला हेल्पलाइन 1091 के बारे में भी जानकारी दें।
उन्होंने निर्देश दिए कि बसों में भी चेकिंग कर छात्राओं व महिलाओं से बातचीत अवश्य करेें ताकि महिलाएं व लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस करें। इसके साथ ही जींद सिटी एसएचओ ने जींद शहर में कई शिक्षण संस्थानों पर अपनी टीम के साथ ऑपरेशन दुर्गा के तहत काम किया। ऐसे मनचलों को भी चेताया कि वह महिला कॉलेज व कन्या स्कूल के आस पास बेवजह न दिखाई दें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।