जींद में छात्र से हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां अकादमी संचालक ने छात्र को 12 थप्पड़ मारे। जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। छात्र के परिवार ने दसवीं की मार्कशीट देने के बदले डेढ़ लाख मांगने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
हरियाणा के जींद में रोहतक रोड स्थित अकादमी में दसवीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अकादमी संचालक दीपक ने छोटी सी गलती पर छात्र को 12 थप्पड़ मारे जिससे उसके कान का पर्दा फट गया।
विज्ञापन
वहीं, छात्र की दसवीं कक्षा की मार्कशीट देने के बदले डेढ़ लाख रुपये मांगने का भी आरोप लगाया गया है। शहर थाना पुलिस ने अकादमी संचालक और प्रिंसिपल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Trending Videos
गुरुग्राम निवासी आराधना देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा सिद्धार्थ चार साल से रोहतक रोड स्थित अकादमी में पढ़ रहा था। आरोप है कि छह अक्तूबर को अकादमी संचालक दीपक ने छोटी सी गलती पर उनके बेटे को 12 थप्पड़ मारे।
प्रिंसिपल ने बेटे को दो थप्पड़ और मारे, दर्द की गोली देकर कही ये बात
इससे उसके कान में गंभीर चोट आई। शिकायत के अनुसार, छात्र ने कान में दर्द होने की बात अकादमी की प्रिंसिपल को बताई तो उन्होंने बाद में जांच करवाने को कहा। छात्र के बार-बार दर्द की शिकायत करने पर प्रिंसिपल ने बेटे को दो थप्पड़ और मारे और दर्द निवारक गोली देकर कक्षा में बैठने के लिए कहा।
आरोप है कि छात्र दो दिन तक कान में दर्द से परेशान रहा लेकिन अकादमी प्रबंधन ने उन्हें इसकी सूचना नहीं दी। तीसरे दिन एक शिक्षक छात्र को डॉक्टर के पास लेकर गए। जांच के दौरान डॉक्टर ने परिजनों को बताया कि छात्र के कान का पर्दा फट गया है । और खून भी निकल रहा है। डॉक्टर ने ऑपरेशन की जरूरत बताई।
इसके बाद अकादमी संचालक छात्र को दूसरे डॉक्टर के पास ले गया जहां कथित तौर पर उसे बताया गया कि कान में कोई गंभीर समस्या नहीं है और चार-पांच दिन में ठीक हो जाएगा। बाद में परिजनों ने नागरिक अस्पताल में करवाई गई जांच में भी कान का पर्दा फटने की बात सामने आई।
मार्कशीट देने के बदले डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप
आराधना देवी ने आरोप लगाया कि बेटे की दसवीं कक्षा की मार्कशीट मांगने पर प्रिंसिपल ने उनके साथ बदसलूकी की और डेढ़ लाख रुपये देने के बाद ही मार्कशीट देने की बात कही। रुपये नहीं देने पर बेटे का भविष्य खराब करने की धमकी भी दी। उन्होंने पुलिस से अकादमी संचालक व अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और बेटे के शैक्षणिक दस्तावेज दिलवाने की मांग की है।
पुलिस ने मामले में अकादमी संचालक दीपक और प्रिंसिपल के खिलाफ मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।-प्रवीण कुमार, प्रभारी, शहर थाना पुलिस जींद