फोटो 14जेएनडी06-दिल्ली-संगरूर नेशनल हाईवे पर खटकड़ टोल प्लाजा पर डटे खाप प्रतिनिधि और किसान। स
- फोटो : Archive
जींद। हिसार में डेयरी संचालक जीवन कुंडू जीवन कुंडू की हत्या मामले में कुंडू खाप प्रतिनिधियों और किसान संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को दिल्ली-संगरूर नेशनल हाईवे स्थित खटकड़ और बद्दोवाल टोल प्लाजा पर तीन घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।
सुबह 11 से दो बजे तक टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल वसूली नहीं हुई और टोल फ्री रहा। चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जीवन कुंडू के शव का अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा।
खाप प्रतिनिधि कैप्टन रणधीर चहल, कैप्टन भूपेंद्र सिंह, कुलबीर मलिक और लीलाराम ने कहा कि जीवन कुंडू की हत्या को 12 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी होने से लोगों का सरकार और पुलिस प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।
कुंडू खाप प्रतिनिधियों ने बताया कि महापंचायत में 14 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रदेशभर के टोल प्लाजा और प्रमुख मार्गों पर विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया था। चेतावनी दी गई थी कि यदि हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 15 अगस्त को हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा।
12 दिन से शवगृह में रखा है शव
हिसार के सूर्यनगर क्षेत्र में चार अगस्त को डेयरी संचालक जीवन कुंडू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही परिजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने का निर्णय लिया है। इसके चलते जीवन का शव अभी तक नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखा हुआ है। खाप प्रतिनिधियों का कहना है कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज एकजुट है और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका उद्देश्य किसी कार्यक्रम में बाधा डालना नहीं बल्कि सरकार का ध्यान जीवन कुंडू हत्याकांड की ओर खींचना और परिवार को न्याय दिलाना है।