22जेएनडी23-एकलव्य स्टेडियम में तैयारियों का जायजा लेते मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। संवाद
जींद। हरियाणा के समाज कल्याण और अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह को लेकर शुक्रवार को एकलव्य स्टेडियम में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह को भव्य बनाने मे किसी प्रकार की कोई कमी न रहे, सभी कार्य समय रहते पूरा कर लें।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और अपनी उपस्थिति से इस कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 2014 में संत महापुरुष सम्मान और विचार-प्रसार योजना के तहत यह निर्णय लिया था कि समाज के सभी वर्गों के संत महापुरुषों की जयंती हर वर्ष सरकारी स्तर पर भव्य तरीके से मनाई जाएंगी। एकलव्य स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच की सजावट व व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय व अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों के लिए सुविधाजनक माहौल बनाया जाए। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने मंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में किसी भी प्रकार की कमी न रहे इसलिए समय रहते सभी व्यवस्थायें पूरी कर ली जाए। इस दौरान एसपी राजेश कुमार, जिला नगरायुक्त गुलजार मलिक, नगराधीश डॉ. आशीष देशवाल, भाजपा के जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, जवाहर सैनी मौजूद रहे।