नरवाना। युवा अधिकारिता और उद्यमिता विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नरवाना की लाइब्रेरी और विभिन्न इंजीनियरिंग ट्रेड की वर्कशॉप अब आमजन के लिए भी उपलब्ध खोल दी गई है।
इस पहल से युवाओं और तकनीकी कौशल सीखने के इच्छुक लोगों को अपने हुनर को निखारने का अवसर मिलेगा। संस्थान के प्रधानाचार्य ओमपाल ने बताया कि इच्छुक नागरिक अब ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आईटीआई की लाइब्रेरी, वर्कशॉप और मशीनरी से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
निर्धारित शुल्क जमा कर आम लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को तकनीकी संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराना है ताकि वे अपने कौशल को बेहतर बना सकें और रोजगार के नए अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में केवल बैठकर अध्ययन करने के लिए 100 रुपये प्रतिमाह शुल्क निर्धारित किया गया है।
वहीं लाइब्रेरी में बैठने के साथ पुस्तक सुविधा लेने के लिए 500 रुपये प्रतिमाह शुल्क देना होगा। इसके अलावा संस्थान के कार्य दिवसों में वर्कशॉप में उपलब्ध मशीनरी का उपयोग करने के लिए 300 रुपये प्रतिमाह शुल्क रखा गया है।
इंसेट
केवल यह ले सकेंगे लाभ
सुविधाओं का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। इच्छुक व्यक्ति लाइब्रेरी में बैठकर अध्ययन कर सकते हैं, पुस्तकें जारी करवा सकते हैं और वर्कशॉप में उपलब्ध मशीनों व उपकरणों का प्रयोग कर सकते हैं। इससे उन युवाओं को भी लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश औपचारिक प्रशिक्षण नहीं ले पा रहे, लेकिन तकनीकी कार्य सीखना चाहते हैं।
बाक्स
–कई ट्रेडों की मशीनरी का कर सकेंगे उपयोग
संस्थान की कार्यशाला में वेल्डर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन, सिलाई और कढ़ाई, मोटर मैकेनिक व्हीकल, फिटर, प्लंबर, टर्नर और मशीनिस्ट जैसे ट्रेडों के उपकरण उपलब्ध हैं। आवेदक इन मशीनों और उपकरणों का उपयोग कर अपने कौशल को बेहतर बना सकते हैं। हालांकि वर्कशॉप में इस्तेमाल होने वाले रॉ मटेरियल का खर्च आवेदक को स्वयं वहन करना होगा।
बाक्स
इच्छुक व्यक्ति आईटीआई हरियाणा की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट आईटीआईहरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी कार्य दिवस पर संस्थान के कार्यालय या लाइब्रेरी में भी जानकारी प्राप्त कर आवेदन किया जा सकता है। यह पहल युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।-ओमपाल, प्रधानाचार्य, आईटीआई